गलतफहमी

" सर..र.रधुआ, मुंहझौंसा कहीं के, तोरा घर मे माय बहिन नै हय कि?" वह लगातार उसके सातों पुश्तों को अपने खुंखार और अश्रव्य गालियों से तारे जा रही थी।" अभिये सैंडिल उतार के मारेंगे तो होश ठिकाने आ जायेगा।बेटखौका के नाती बड़ा हीरो बनता है। लाइन मारता है। रुको! अभी तुम्हारा होश ठिकाने लगाती हूँ।" मनीष हक्का बक्का था कि हो क्या रहा है? ये लड़की उसे गाली क्यों दिए जा रही है? उसने तो कुछ कहा भी नही,कुछ किया भी नही! वो तो बस अपनी धुन मे गीत गाते और साइकिल पर हौले हौले पैडिल मारे घर की ओर लौट रहा था। " धीरे धीरे से मेरी जिंदगी मे आना, धीरे धीरे से दिल को चुराना"! आज मनीष जल्दी से घर पहुंचना चाहता था पर यहाँ तो ये दूसरा ही लफड़ा हो गया। उसे भूख लगी थी, आज सबेरे जल्दबाजी मे बिना कुछ खाये चला गया था। पर यह लड़की तो रास्ता घेर कर खड़ी हो गई थी और चिल्लाये जा रही थी। धीरे धीरे आस पास लोग इकठ्ठा हो रहे थे।
" क्यों क्या हुआ? इसने कहीं छेड़ा तो नही?
" ये मुझे देखकर गाना गाये जा रहा था और सीटी बजा रहा था!"
अरे! नही नही! मैने तो इसको देखा भी नही ! बस मै गुनगुनाते हुए साइकिल चला रहा था। जरूर इसको कोई गलतफहमी हुई है!" मनीष सफाई देने लगा।
इसी बीच कोई समाज सेवी ,जो हमेशा ऐसे मौकों पर अपना हाथ साफ करने के लिए अनवांटेडली उपस्थित हो जाता है, बोला" अरे! मै जानता हुं आजकल के इन लोफरों को! जहाँ लड़की देखी कि लार टपकने लगता है! इनका तो सही से इलाज होना चाहिए !
अब तो मनीष की घिग्घी बंध गई कि आज तो उसकी जमकर पिटाई होगी। बेगुनाहे बेलज्जत! उसने कातर नजरो से लड़की की ओर देखा और बोला" देखो ! वैसे मैने तो तुमको देखा भी नही! पर यदि तुमको कोई  गलतफहमी हुई है तो मुझे माफ कर दो।"
लड़की को भी शायद दया आ गई। उसे लगा कहीं यह लड़का यहाँ बुरी तरह पिट न जाये।
" छोड़ दीजिए इसे! शायद मुझे ही कोई गलतफहमी हो गई थी।"
लेकिन समाजसेवी गण जबरदस्ती लड़की के सम्मान की रक्षा कर यश बटोरना चाहते थे। उनके हाथों मे खुजली हो रही थी और इधर मनीष की हालत पतली हो रही थी।
" तुम डरो मत! हमलोग जानते हैं ऐसे शोहदों को कैसे ठीक किया जाता है"!
मामला बिगड़ते देख लड़की ने मनीष की साइकिल पकड़ी और कहा चलो! यहाँ से चलो!
"जान बची तो लाखो पाये।"
मनीष लड़की  की गलतफहमी खत्म होनेको धन्यवाद देता हुआ सरपट भागा। साथ मे यह भी कसम खाया कि अब गीत मन ही मन गुनगुनायेगा।कभी गायेगा नही। खासकर जब कोई लड़की सामने दिख जाये।

Comments

Popular posts from this blog

कोटा- सुसाइड फैक्टरी

पुस्तक समीक्षा - आहिल

कम गेंहूं खरीद से उपजे सवाल